चिरंतन भट्ट द्वारा संगीतबद्ध इस गाने को जैज़ी बी ने गाया है।
केसरी गाना 'आज्ज सिंग गरजेगा' – जैज़ी बी की आवाज़ अक्षय कुमार के युद्ध गान में गरज रही है
Mumbai - 07 Mar 2019 16:58 IST
Updated : 17:07 IST


Shriram Iyengar
युद्ध की पार्श्वभूमि पर आधारित फ़िल्म में एक बात तो ज़रूर होती है और वो है एक ललकार भरा गीत जो दर्शकों में जोश और ऊर्जा भरे।
केसरी का गाना 'आज्ज सिंग गरजेगा' में भी पंजाबी जोश के साथ वही प्रयास किया गया है, जहाँ अक्षय कुमार स्क्रीन के सामने गरजते नज़र आ रहे हैं।
गाने का शीर्षक 'आज्ज सिंग गरजेगा' उचित है। पंजाबी शब्दों के साथ इस गाने में जोश भरा है। केसरी १८९७ के अफ़ग़ानिस्तान के सारागढ़ी युद्ध पर आधारित है। इस युद्ध में २१ जट सिख जवानों ने १०,००० अफ़गानी सैनिकों के साथ अपने टापू को बचाने के लिए लड़ाई की थी।
शौर्य, साहस, युवा और त्याग इनके बलसे सभी मुश्किलों को पार करने के जज़्बे पर कुंवर जुनेजा की रचना में ध्यान दिया गया है। 'इक्क इक्क सिंग सवा लाख उत्थे भारी' जैसे शब्दों के ज़रिये पंजाबी वीरता का जज़्बा इस तरह सामने आता है जैसे सनी देओल के फ़िल्मों में अक्सर देखने को मिलता है।
जैज़ी बी ने इस गाने को गाया है। युद्ध के कुछ पलों के पहले भक्ति, त्याग और साहस जैसे भाव को इस गाने में दर्शाया गया है। गाने का माहौल भी युद्धभूमि की तरह ही है। इसकी शुरुवात इकतारे की धुन के साथ होती है। जैसे जैसे गाना आगे बढ़ता है, वैसे वैसे संगीत का ऑर्केस्ट्रेशन और गहरा होते जाता है।
पर इस गाने की खास बात जैज़ी बी की आवाज़ है, जो इस गाने के लिए सटीक है, उसमे भाव विभोरता है और संगीत वाद्यों के ऊपर उठ कर आवाज़ श्रोताओं में जोश भरती है। पंजाबी बोल के इस्तेमाल की वजहसे जैज़ी बी की आवाज़ अधिक सहज लगती है, जिसकी वजह से ये गाना अधिक बेहतर बना है।
गौर करें तो गाने की शैली को देख कर इसमें नवीनतम ऐसी कोई बात नज़र नहीं आती। गाने का रिदम और टेम्पो जाना पहचाना है और इसे किसी भी पंजाबी गाने से आसानी से बदला जा सकता है। गाने के टेम्पो को बहुत ऊँचा भी नहीं रखा गया है जिससे ओतप्रोतता बढ़े, और ना ही टेम्पो इतना निचे आता है के जिससे सूक्ष्म भाव को छुआ जा सके। यह गाना आपको इन दो भावों के बिच लाकर छोड़ता है।
केसरी का निर्देशन अनुराग सिंहने किया है और इसमें परिणीति चोपडा भी अहम भूमिका निभा रही हैं। फ़िल्म २१ मार्च को प्रदर्शित हो रही है। गाना यहाँ देखें।