News Hindi

बॉक्स ऑफिस – शाहिद कपूर की कबीर सिंह ने सिर्फ़ पांच दिनों में रु१०० करोड़ का आकड़ा किया पार

संदीप रेड्डी वंगा की इस फ़िल्म की कमाई में अभी तक कोई गिरावट नहीं आयी है। पहले मंगलवार को भी अच्छी कमाई का ये सिलसिला जारी रहा।

निर्देशक संदीप रेड्डी वंगा की कबीर सिंह (२०१९) ने बॉक्स ऑफिस पर भारी सफलता हासिल करते हुए प्रदर्शन के पहले पांच दिनों में ही रु१०० करोड़ के आकड़े को पार कर दिया है।

शाहिद कपूर अभिनीत इस फ़िल्म ने बॉक्स ऑफिस इंडिया डॉट कॉम के अनुसार मंगलवार को रु१६.५० करोड़ कमाए। फ़िल्म ने अब तक रु१०४.२५ करोड़ की कुल कमाई की है।

वीकेंड की भारी कमाई के बाद भी सोमवार की परीक्षा में कबीर सिंह सहजता से पास हुई। सोमवार को फ़िल्म ने रु१७ करोड़ की कमाई की। ये कमाई किसी भी फ़िल्म की सोमवार की कमाई में १३वे स्थान पर आती है।

इस फ़िल्म ने रविवार को रु२७.७५ करोड़ कमाई कर इस वर्ष की रविवार को सबसे अधिक कमाई करनेवाली फ़िल्म का दर्जा हासिल कर सलमान ख़ाँ की भारत (२०१९) को भी पीछे छोड़ दिया। इससे पूर्व भारत ने अपने पहले रविवार को रु२५.५४ करोड़ की कमाई की थी।

इस वर्ष टोटल धमाल, गली बॉय और भारत जैसी बड़ी फ़िल्मों की कमाई में बुधवार को भारी गिरावट देखि गयी थी। इसलिए ये भी देखना मज़ेदार होगा की कबीर सिंह के साथ क्या वही होता है या वो बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल जारी रख सकती है।

ट्रेड सूत्रों के अनुसार शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की इस फ़िल्म को रु६० करोड़ की लागत से बनाया गया था। पर यहाँ महज पांच दिनों में फ़िल्म ने पहले ही १०० करोड़ का आकड़ा पार कर लिया है, तो फ़िल्म एक बड़ी सफल फ़िल्म बनने की कगार पर है।

दर्शकों में से एक वर्ग फ़िल्म के खिलाफ है क्योंकि वो मानते हैं के फ़िल्म नशीले पदार्थों के सेवन और महिलाओं से गैर व्यवहार को बढ़ावा दे रही है। पर इस बात का बॉक्स ऑफिस पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा है। इतना जरूर कहा जा सकता है के शाहिद कपूर की ये अब तक की सबसे बड़ी सोलो हिट फ़िल्म साबित हो रही है।