इस गाने में दोनों मुख्य किरदारों की प्रेम कहानी की प्रगति को दर्शाया गया है।
कबीर सिंह का 'तेरा बन जाऊंगा' गाना – शाहिद कपूर बने हैं कियारा अडवाणी के चौकीदार
मुम्बई - 18 Jun 2019 16:37 IST


Keyur Seta
कबीर सिंह के नए गाने में शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी के किरदारों की प्रेम कहानी दर्शाई गयी है, जहाँ शाहिद कियारा को हर मुश्किल और परेशानी से बचाने के लिए तत्पर रहते हैं और कियारा से काफ़ी जुनूनी प्यार करते हैं।
'तेरा बन जाऊंगा' गाना शुरू होता है तब शाहिद और कियारा दोनों मेडिकल कॉलेज के छात्र हैं। दोनों एक दूसरे के प्यार में डूब चुके हैं। कबीर सिंह को प्रीति कितनी अच्छी लगती है और वो कैसे उसे अलग अलग मुश्किलों से बचाता है इसका खूबसूरत चित्रण यहाँ देखने मिलता है।
इसमें एक दृश्य काफ़ी मज़ेदार है। प्रीति कॉलेज के बड़े से ऑडिटोरियम में छात्रों के सामने स्टेज पर भाषण कर रही है और तभी कबीर स्टेज पर आकर खड़ा रहता है ताकि उसे कोई ना चिढ़ाए, ना कोई उसका मज़ाक उड़ाए। यहाँ शायद हम ये कह सकते हैं के वो एक अंदाज़ में प्रीति का चौकीदार बना हुआ है।
अखिल सचदेवा की आवाज़ इस गाने और इसके भावनाओं के साथ पूरी तरह से जच रही हैं। तुलसी कुमार की आवाज़ भी यहाँ उचित साथ देती है। सचदेवा इस गाने के संगीत निर्देशक भी हैं। उन्होंने गाने की धुन और संगीत निर्देशन बड़ा ही सीधा और सरल रखा है, जो इसकी खूबसरती को और बढ़ा रहा है।
ट्रेलर और इससे पूर्व आये गानों की तरह यहाँ भी शाहिद और कियारा की जोड़ी प्रभावी लग रही है।
कबीर सिंह तेलुगु फ़िल्म अर्जुन रेड्डी (२०१७) की अधिकृत रीमेक है। हिंदी रीमेक के निर्देशक संदीप रेड्डी वंगा ने मूल तेलुगु फ़िल्म का भी निर्देशन किया हैं।
कबीर सिंह २१ जून को प्रदर्शित हो रही है। गाना यहाँ देखें।